Pages

Pages

Pages

सप्ताहांत

हफ्ते भर की खबरों का लेखा-जोखा।।

आम जन के चश्मे से देखें तो, इस हफ्ते धूल भरी आंधी-बाढ़-बारिश-गर्मी के बीच कश्मीर में पल-पल बदलती सियासी फिजा से हलकान-हैरान जनता को पीएम ने फिटनेस का पाठ पढ़ाया, तो विपक्ष ने भोज-भाषण का राशन थमाया। संत भय्यूजी महाराज की खुदकुशी, दिल्ली सरकार का धरना, पीएम का फिटनेस वीडियो, फुटबॉल के गोल ने कभी झिंझोड़ा, कभी गुदगुदाया। खबरों के बीच, आज देशभर में लोग दुआ-बंदगी-इबादत के साथ ईद का त्यौहार मना रहे हैं और देश जश्न के रंग में डूब गया है।

कहीं धूल के गुबार, कहीं बाढ़ से हाहाकार

पाकिस्तान, अफगानिस्तान और राजस्थान में कई दिन से बारिश नहीं होने से गर्म हवाओं के साथ रेगिस्तान की रेत और धूल के कण उत्तर भारत के वातावरण में आ पहुंचे। पहले धूल का गुबार वायुमंडल में 7 से 8 हजार फीट ऊपर था, लेकिन बाद में कण नीचे आ गए। धूलभरी हवाओं ने पहले दिल्ली का हाल बिगाड़ा, अब ये गुबार हिमाचल प्रदेश तक पहुंच गया है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी धूल से लोग परेशान हैं। सांस लेने में परेशानी आ रही है। दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम पीएम-10 का स्तर 754 और दिल्ली में 801 रिकॉर्ड किया गया।
दृश्यता कम होने से एयरपोर्ट पर दर्जनों उड़ानें रद्द करनी पड़ी। धूल कणों ने सिर्फ सांस लेने की दिक्कतें ही नहीं बढ़ाई लोगों को भीषण गर्मी और उमस भी झेलनी पड़ रही है, क्योंकि धूल कणों की लेयर सतह से गर्मी को वायुमंडल में जाने से रोक देती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में बारिश हो सकती है, तब धूल के कण जमीन पर आ जाएंगे। प्रदूषण को देखते हुए हरियाणा और दिल्ली सरकार ने सभी निर्माण कार्यों पर फिलहाल रोक लगा दी।
उधर, दक्षिण भारत में केरल और तटीय कर्नाटक में लगातार हो रही बारिश के कारण 43 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के 6 जिलों में 18 जून तक अलर्ट जारी किया गया है। स्कूल-कॉलेज बंद हैं। कर्नाटक में कई तटीय जिलों में बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। कई ट्रेनों को भी रद्द किया गया है। वहीं, नॉर्थ-ईस्ट के असम, त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर में बाढ़ के हालात गंभीर होते जा रहे हैं। इन राज्यों में बाढ़ से 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि 8 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बंगाल, उत्तराखंड, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु में बारिश की चेतावनी है।

कश्मीर को नहीं चाहिए अमन! 

कश्मीर के बारे में कहा गया है, "गर फिरदौस बर रूये जमी अस्त/ हमी अस्तो हमी अस्तो हमी अस्त" (धरती पर अगर कहीं स्वर्ग है, तो यहीं है, यहीं है, यही हैं)। कभी कश्मीर के बारे में कही गई ये बात आज के संदर्भ में फिट नहीं बैठती, क्योंकि आज घाटी खून-खराबा, पत्थरबाजी को लेकर ही चर्चा में रहता है। ताजा घटना में “राइजिंग कश्मीर” के संपादक शुजात बुखारी की हत्या ने सिहरन ही पैदा नहीं किया, बल्कि जड़वत भी कर दिया, क्योंकि उन्होंने जो लिखा और जो कहा उसमें से ज़्यादातर हिस्सा शांति स्थापना की बात और अलग तरह से सोचने की वकालत करता था। उनकी हत्या बोलने और प्रेस की आजादी पर भी एक हमला है। इस घटना ने शांति स्थापित करने की कोशिशों को भी कमजोर किया है, तो क्या यह मान लें कि कश्मीर अमन नहीं चाहता! दूसरी तरफ, दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों ने अपनी कायरता का एक और परिचय देते हुए गुरुवार को सेना के जवान औरंगजेब की बर्बरता से हत्या कर दी है। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र ने कश्मीर में मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन और उसकी जांच की बात कहते हुए भारत और पाकिस्तान को कठघरे में खड़ा किया है। हालांकि, भारत ने संयुक्त राष्ट्र की इस रिपोर्ट को पूरी तरह से खारिज करते हुए कहा है कि यह भारत की संप्रभुता का उल्लंघन और उसकी क्षेत्रीय एकता के खिलाफ है। कुल मिलाकर, भारत की ओर से रमजान के दौरान लागू सीजफायर का पाक और दहशतगर्दों ने न ही पालन किया, न इस फैसले का सम्मान। यह साफ संकेत है कि विकास के जरिए घाटी के हालात बदलने का केंद्र का फॉर्मूला दहशतगर्दों को मंजूर नहीं।

रोनाल्डो की हैट्रिक से मैच ड्रा 

आखिरी मिनटों में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के शानदार गोल और इस फीफा विश्व कप की पहली हैट्रिक की मदद से पुर्तगाल ने शुक्रवार को ग्रुप बी के सबसे र्चिचत मुकाबले में स्पेन को 3-3 से बराबरी पर रोक दिया। स्पेन की टीम 88वें मिनट तक 3-2 से आगे थी, लेकिन गेरार्ड पीके की गलती से पुर्तगाल को फ्रीकिक मिली, जिसे रोनाल्डो ने गोल में बदलकर यह अहम मुकाबला ड्रा करा दिया। उधर, ग्रुप एः उरुग्वे ने मिस्र को 1-0 से हराया, जबकि ग्रुप बी में ईरान ने मोरक्को को 1-0 से हरा दिया।

“किसी को न दिखे, पर देश बदल रहा है”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा,“देश में विकास हो रहा है, भले ही लोग इसे नहीं देख पा रहे हैं।” नमो एप के जरिए डिजिटल इंडिया का लाभ उठाने वालों से बात करते हुए उन्होंने लोगों के अनुभव सुने और इस योजना की खूबियां गिनाईं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस योजना से न सिर्फ लाखों लोगों को रोजगार मिला है, बल्कि गांव में रहने वाले लोगों की जिंदगी भी बदली है। ज्ञात हो कि डिजिटल इंडिया के तहत देशभर के एक लाख 83 हजार ग्राम पंचायतों में तीन लाख कॉमन सर्विस सेंटर खोले गए हैं। इन सेंटरों को खोलने का सरकार का मकसद था कि गांव में लोग सरकारी और गैर-सरकारी योजनाओं का लाभ ऑनलाइन प्राप्त कर सके।
नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि इन सेंटरों से 10 लाख लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने यह भी दावा किया कि डिजिटल साक्षर योजना के तहत करीब 1.25 करोड़ लोगों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और लाभान्वित होने वालों में 70 प्रतिशत  एससी-एसटी समुदाय से हैं। 

वीआईपी धरना: ड्रामे में आगे क्या? 

पांच दिनों से दिल्ली के उपराज्यपाल के घर चल रहा “वीआईपी धरना” फिलहाल जारी है। शुक्रवार को जारी किए गए वीडियो संदेश में अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि रविवार को दिल्ली की लाखों जनता, दिल्ली सरकार की मांग लेकर प्रधानमंत्री से मिलने उनके आवास पर जाएगी। केजरीवाल ने आगे केंद्र सरकार को चेतावनी भी दे दी कि अगर प्रधानमंत्री मांग नहीं मानेंगे, तो फिर दिल्ली में 2012 जैसा जन आंदोलन होगा।

भय्यूजी महाराज की उलझी जिंदगी

संत भय्यूजी महाराज ने जिंदगी की उलझनों के सामने घुटने टेकते हुए खुद को गोली मार ली। दूसरों को जीने का पाठ पढ़ाने वाला संत अपने परिवारिक समस्याओं को सुलझा नहीं सका। खबरों के मुताबिक बेटी, दूसरी पत्नी के बीच की दूरी को भय्यूजी पाट न सके। साथ ही वे आर्थिक मुसीबतों से भी गुजर रहे थे। इसके आलावा दूसरी शादी के बाद उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा में भी कमी आई थी। इन सबसे परेशान भय्यूजी ने मौत को गले लगा लिया, जो एक दुखदायी खबर थी। इसने हर आमोखास को उदास किया। 

मोदीजी की फिटनेस अपील

खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ के द्वारा सोशल मीडिया पर शुरू किए गए फिटनेस चैलेंज में नया नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जुड़ गया है। नरेंद्र मोदी ने बुधवार को खुद का फिटनेस वीडियो शेयर करते हुए ट्विटर पर लिखा, " मैं सभी से अपील करता हूं कि फिटनेस के लिए कुछ समय जरूर निकालें। जिस एक्सरसाइज को आप आराम से कर सकते हैं, उसका अभ्यास करें। इससे आपको जीवन में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।" पीएम का यह वीडियो विराट कोहली के फिटनेस चैलेंज का जवाब माना जा रहा है। पीएम ने इस वीडियो से कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी और टेबल टेनिस खिलाड़ी मणिका बत्रा को चुनौती दी। उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा के 40 साल से ज्यादा उम्र के अफसरों को भी नॉमिनेट किया है। खबरों के मुताबिक कांगेस की ओर से आयोजित इफ्तार पार्टी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पीएम के फिटनेस वीडियो को लेकर मजाक करते दिखे।
सियासी भेंट-मुलाकात, राजनेताओं की इफ्तार पार्टियों, अफगानिस्तान से मैच के बीच पेट्रोल-डीजल तथा सब्जियों के दाम बढ़ने से मई महीने में थोक मूल्य आधारित मुद्रास्फीति बढ़कर 14 महीने के उच्चतम स्तर 4.43 प्रतिशत पर पहुंच जाने की खबर ने दम तोड़ दिया।  

अंततः गुलजार की पंक्ति,
“चंद उम्मीदें निचोड़ी थीं तो आहें टपकीं, 
दिल को पिघलाएँ तो हो सकता है साँसें निकलें।”
■ सोनी सिंह 


No comments:

Post a Comment