बनारसी के बंगले में रहेंगे मुलायम! - Kashi Patrika

बनारसी के बंगले में रहेंगे मुलायम!

मुलायम की पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सेठ उन्हें लखनऊ के गोमती नगर में 14 करोड़ रुपये का एक बंगला तोहफे में देने वाले हैं। यह बंगला बनारस के एक फार्मास्यूटिकल क्षेत्र के बड़े कारोबारी का है...


सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश के संपत्ति विभाग ने सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों को बंगला खाली करने का आदेश जारी किया है। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी आशियाने की तलाश में जुट गए हैं। खबरों पर यकीन करें, तो मुलायम की पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सेठ उन्हें एक बंगला भेंट करेंगे। खबरों के मुताबिक, वह लखनऊ के गोमती नगर में 14 करोड़ रुपये का एक बंगला मुलायम को तोहफे में देने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार यह बंगला बनारस के एक फार्मास्यूटिकल क्षेत्र के बड़े कारोबारी आरके अरोड़ा का है।  अरोड़ा ने यह बंगला अपने और परिवार के लिए बनवाया था, लेकिन वर्तमान में यह खाली पड़ा है।

समाजवादी पार्टी के सूत्रों के मुताबिक संजय सेठ मुलायम सिंह यादव के सबसे करीबी लोगों में से एक हैं। संजय सेठ ने शुक्रवार (18 मई) को गोमतीनगर के विपुलखंड स्थित सृजन विहार में 11 हजार स्कवॉयर फीट में बना एक बंगला मुलायम को दिखाया। कहा जा रहा है कि मुलायम को यह बंगला पसंद आ गया है और अब बात सौदे पर अटकी है। बंगले के मालिक आरके अरोड़ा ने इसकी कीमत 16 करोड़ रुपये लगाई है, लेकिन संजय सेठ ने इसकी कीमत 14 करोड़ रुपये लगाया है।  कहा जा रहा है कि इस डील तय हो जाने पर मुलायम सिंह यादव को यह बंगला मिल जाएगा।

कालिदास मार्ग शिफ्ट होंगे राजनाथ
बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी कालिदास मार्ग स्थित अपना आवास खाली करेंगे। सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी के मुताबिक गोमतीनगर में लगभग 2100 वर्ग फीट के मकान में मरम्मत का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि नोटिस अवधि के दौरान ही गृहमंत्री राजनाथ सिंह सरकारी आवास छोड़ देंगे।

मुलायम सिंह यादव और राजनाथ सिंह के अलावा राज्य संपत्ति विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्रियों एनडी तिवारी, अखिलेश यादव और मायावती को भी बंगला खाली करने का नोटिस भेजा है। शीर्ष अदालत के आदेशानुसार उत्तर प्रदेश के छह पूर्व मुख्यमंत्रियों को अपना सरकारी बंगला खाली करना है। संपत्ति विभाग से नोटिस मिलने के बाद से सभी पूर्व मुख्यमंत्री नए आशियाने की तालाश में जुट गए हैं।

No comments:

Post a Comment