अब चार राज्यों में कर"नाटक" - Kashi Patrika

अब चार राज्यों में कर"नाटक"

कर्नाटक चुनाव में सबसे बड़े दल के रूप में उभरे भाजपा को राज्यपाल द्वारा सरकार बनाने का न्योता दिए जाने से नाराज विपक्ष ने देश के कई राज्यों में सरकार बनाने का मौका देने की मांग की है। इसे देखते हुए शुक्रवार को कर्नाटक का "नाटक" अन्य राज्यों तक पहुंचने की उम्मीद है। कांग्रेस ने गोवा, मणिपुर, मेघालय और राजद ने बिहार में सरकार बनाने का मौका दिए जाने की मांग की...


विपक्ष के नेताओं ने शुक्रवार को राज्यपालों से मुलाकात के लिए वक्त मांगा है। दोनों ही पार्टियों के पास इन राज्यों में सबसे ज्यादा सीटें हैं, लेकिन सरकारें भाजपा-एनडीए गठबंधन की हैं। कांग्रेस और राजद ने कहा कि कर्नाटक की तर्ज पर राज्यपाल उन्हें भी सरकार बनाने के लिए बुलाएं।
बिहार चुनाव में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी आरजेडी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव विधानसभा में अपने विधायकों की परेड करवाएंगे। इसी तरह गोवा में सबसे बड़े दल के रूप में रही कांग्रेस दावा पेश करने राज्यपाल के पास जाएगी। इतना ही नहीं, मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री इबोबी सिंह और मेघालय के पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने भी अपने-अपने गवर्नर से शुक्रवार को मिलने का समय मांगा है। दरअसल, इन राज्यों में हुए चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी रहने के बाद भी इनकी सरकार नहीं बनी।

तेजस्वी भी विरोध में
तेजस्वी ने बिहार में भी कर्नाटक की सियासी हलचल की तर्ज पर विधायकों की परेड कराने और धरना देने का फैसला किया है। तेजस्वी ने कहा, 'हम कर्नाटक में लोकतंत्र की हत्या के विरोध में शुक्रवार को एक दिन के धरने पर बैठेंगे।' उन्होंने कहा, 'हमने बिहार के राज्यपाल से बिहार में राज्य सरकार के मुद्दे पर विचार करने को कहा है। शुक्रवार दोपहर एक बजे हम राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और उनसे मांग करेंगे कि कर्नाटक की तरह बिहार में भी वर्तमान सरकार निलंबित कर सबसे बड़े दल आरजेडी को सरकार बनाने के लिए बुलाया जाए।' उन्होंने कहा, 'लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए हमें धरने पर बैठना पड़े तब भी हम पीछे नहीं हटेंगे। बीजेपी का माइंडसेट संविधान को बदलने का है।'

यहां भी कांग्रेस ने कमर कसी

कांग्रेस नेता यतीश नाइक ने कहा, ''2017 में कांग्रेस 17 सीट जीतकर विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बनी। पर राज्यपाल ने 13 सीटों वाली भाजपा को सरकार बनाने के लिए बुलाया। अब कर्नाटक में राज्यपाल ने सबसे बड़ी पार्टी (भाजपा) को सरकार बनाने का न्योता दिया। इसीलिए मांग करते हैं कि राज्यपाल हमें सरकार बनाने के लिए बुलाएं।''
उधर, कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि पार्टी के गोवा प्रभारी चेल्ला कुमार शुक्रवार को पणजी में विधायकों के साथ राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उनकी मांग होगी कि राज्य में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका दें। जरूरत पड़ी तो राजभवन में विधायकों की परेड भी कराएंगे। इसी तरह मणिपुर और मेघालय दोनों राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्री शुक्रवार को राज्यपालों से मुलाकात करेंगे। यहां कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है।







No comments:

Post a Comment